जल जीवन मिशन की धीमी रफ्तार पर डीएम सख्त, सितंबर-अक्टूबर तक 135 पेयजल योजनाएं पूरी करने के निर्देश
वाराणसी :- जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), परियोजना प्रबंधक मेसर्स एलएंडटी, सहायक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 90 से 99 प्रतिशत प्रगति वाली 135 पेयजल योजनाओं को सितंबर-अक्टूबर 2026 तक, 75 से 90 प्रतिशत प्रगति वाली 74 योजनाओं को दिसंबर 2026 तक तथा 50 से 75 प्रतिशत प्रगति वाली 64 योजनाओं को फरवरी 2027 तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए।डीएम ने सितंबर 2026 तक योजनाओं के कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए कार्यों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तेजी से पूरा कराया जाए।
उन्होंने तहसील स्तर पर लंबित प्रकरणों तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित एनओसी के मामलों की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। इसके लिए साप्ताहिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और मासिक रूप से भौतिक बैठक आयोजित कर प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल योजनाओं के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कार्यों में तेजी लाते हुए योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को निर्धारित समय पर पेयजल सुविधा का लाभ मिल सके।



No comments