वाराणसी समेत पूर्वांचल में बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट; अगले सप्ताह फिर बढ़ेगी मुश्किल
वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। आसमान में बादलों की आवाजाही और उमस के बीच बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले सप्ताह में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है। 2 और 3 सितंबर को भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
शनिवार सुबह से ही वाराणसी में बादलों की आवाजाही बनी रही। दिन चढ़ने के साथ तापमान बढ़ने और वातावरण में नमी के कारण लोकल हीटिंग सक्रिय हुई, जिसके चलते दोपहर से शाम तक कई इलाकों में बूंदाबांदी देखने को मिली। बारिश से लोगों को उमस से कुछ राहत मिली, लेकिन मौसम विभाग की आगामी दिनों की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का सिलसिला बने रहने की संभावना है। सितंबर के शुरुआती दिनों में भारी बारिश होने पर पूर्वांचल की नदियों के जलस्तर पर भी इसका असर पड़ सकता है। गंगा और सरयू समेत अन्य नदियों में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
वाराणसी में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है। इस दौरान 6.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुबह के समय आर्द्रता 78 प्रतिशत, जबकि अधिकतम आर्द्रता 88 प्रतिशत तक पहुंची।
मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। ऐसे में अगले सप्ताह पूर्वांचल में बारिश के साथ नदियों के जलस्तर और जलभराव की स्थिति पर भी नजर रखनी होगी।

No comments