• Breaking News

    वाराणसी में 19 वर्षीय युवक की हत्या, शव बोरे में बंद कर गोबर के ढेर में छिपाया; तीन आरोपी गिरफ्तार

    वाराणसी :-
    सिगरा थाना क्षेत्र के शिवपुरवा में 19 वर्षीय युवक इशू कनौजिया की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब दो सप्ताह से लापता युवक का शव पुलिस ने रेलवे क्वार्टर के पास गोबर के ढेर से बरामद किया। शव एक प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों—प्रदीप, रोहित और रामकिशन—को गिरफ्तार किया है।
    पुलिस जांच के मुताबिक इशू छह अगस्त से लापता था। बताया जा रहा है कि सात अगस्त को आरोपी उसे अपने साथ लेकर गए थे। आरोप है कि वहां उसे शराब पिलाई गई और नशे की हालत में उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को प्लास्टिक के बोरे में रखा गया और रात के समय रेलवे क्वार्टर के पास स्थित गोबर के ढेर में छिपा दिया गया।
    इधर, इशू के अचानक लापता होने के बाद परिवार के लोग उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। कई स्थानों पर खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। 17 अगस्त को परिजनों ने सिगरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने युवक के परिचितों और आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की।

    जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हत्या और शव को ठिकाने लगाने से जुड़ी जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस आरोपियों को लेकर रेलवे क्वार्टर के पास पहुंची और बताए गए स्थान पर तलाश की।

    तलाशी के दौरान गोबर के ढेर में प्लास्टिक का बोरा मिला, जिसे खोलने पर इशू का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में भी हड़कंप मच गया।
    एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad