काशी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियां तेज, 20 से 23 नवंबर तक महोत्सव; 24 को जगमगाएंगे घाट
वाराणसी :- आगामी गंगा महोत्सव एवं देव दीपावली के आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित बैठक में दोनों प्रमुख आयोजनों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और बेहतर समन्वय के साथ पूरी करने के निर्देश दिए गए।
इस वर्ष गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा, जबकि 24 नवंबर को देव दीपावली का आयोजन होगा। गंगा महोत्सव का प्रमुख कार्यक्रम राजघाट पर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा नमो घाट और राजघाट पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।मंडलायुक्त ने कहा कि गंगा महोत्सव और देव दीपावली वाराणसी की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और धार्मिक पहचान से जुड़े महत्वपूर्ण आयोजन हैं। इन आयोजनों में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे किए जाएं।
उन्होंने कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को विशेष अवसर देने पर जोर दिया। मंडलायुक्त ने जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर स्थानीय कलाकारों की जानकारी जुटाने तथा काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के विजयी प्रतिभागियों और राजघाट के समीप संचालित गुरुकुल के छात्रों को भी कार्यक्रमों में प्रमुखता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काशी की स्थानीय कला, संगीत और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को बड़े मंच पर अवसर मिलना चाहिए।
बैठक में ओडीओपी उत्पादों सहित स्थानीय उत्पादों और कला को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने प्रमुख घाटों और होटलों में स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बाहर से आने वाले पर्यटकों को काशी की स्थानीय कला एवं उत्पादों से परिचित कराया जा सके।
अधिकारियों ने बैठक में घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सजावट, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं और अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
उन्होंने घाटों और प्रमुख स्थलों पर विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा इंतजाम करने को कहा। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की प्रभावी योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने नगर निगम को आयोजन से पहले घाटों पर जमा सिल्ट की सफाई समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंगा महोत्सव और देव दीपावली के दौरान वाराणसी की गंगा-जमुनी संस्कृति, कला, संगीत और आध्यात्मिक परंपरा को प्रभावी ढंग से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करें और आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें, ताकि गंगा महोत्सव और देव दीपावली का आयोजन भव्य, दिव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव, सचिव विकास प्राधिकरण वेद प्रकाश, एडीएम सिटी राजेश कुमार, एडीएम प्रोटोकाल विनय सिंह सहित पर्यटन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा गंगा घाट समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी मंडलायुक्त को दी।


No comments