• Breaking News

    वाराणसी: भारी बारिश के बीच नगर निगम का एक्शन, अंधरापुल पहुंचे नगर आयुक्त; जलभराव वाले इलाकों में तेज हुई निकासी

    महापौर और नगर आयुक्त के निर्देश पर अधिकारियों ने संभाली फील्ड की कमान, पंप लगाकर और नालों की सफाई कर निकाला जा रहा पानी...

    वाराणसी :- लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने जलभराव से निपटने के लिए कमर कस ली है। शहर के निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में पानी जमा होने की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचकर जल निकासी का काम करा रही हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

    अंधरापुल पहुंचे नगर आयुक्त, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

    नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बारिश के बीच अंधरापुल क्षेत्र का निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति देखी। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं और कर्मचारियों से जल निकासी की जानकारी ली तथा पंपों की मदद से तत्काल पानी निकालने के निर्देश दिए। साथ ही नालों की सफाई और पानी के सुचारु प्रवाह को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच रहीं टीमें

    महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता और स्वास्थ्य निरीक्षक समेत अन्य कर्मचारी अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी कर रहे हैं। जलभराव की शिकायत मिलते ही संबंधित टीम को मौके पर भेजकर समस्या का तत्काल समाधान कराया जा रहा है।

    निचले इलाकों पर विशेष नजर

    बारिश के दौरान शहर के निचले इलाकों में जलभराव न हो, इसके लिए नगर निगम की टीमें पंपिंग मशीनों के साथ सक्रिय हैं। जहां पानी जमा हो रहा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर निकासी कराई जा रही है। नालियों और जल निकासी मार्गों की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

    बारिश के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेगा निगम

    नगर निगम प्रशासन ने साफ किया है कि बारिश के मौसम में जलभराव से निपटने का अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों को अलर्ट रहने तथा किसी भी स्थान से सूचना मिलने पर बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि बारिश के दौरान शहरवासियों को जलभराव की समस्या से कम से कम परेशानी हो।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad