• Breaking News

    6 मिनट में 220 फीट की ऊंचाई पर लहराया तिरंगा, जौहर यूनिवर्सिटी में दिखा देशभक्ति का जोश

    रामपुर :-
    80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अनूठा नजारा देखने को मिला। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यूनिवर्सिटी परिसर में उत्तर प्रदेश के सबसे ऊंचे बताए जा रहे 220 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। विशाल तिरंगे के आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
    समारोह के मुख्य अतिथि एवं यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रोफेसर जहीरुद्दीन ने रिमोट का बटन दबाकर मोटर चालित प्रणाली के जरिए विशाल राष्ट्रीय ध्वज को फहराया। करीब छह मिनट में तिरंगा 220 फीट की ऊंचाई तक पहुंचा। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और समारोह में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगे को सलामी दी।
    ध्वजारोहण के बाद विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वाइस चांसलर प्रोफेसर जहीरुद्दीन ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी परिसर में स्थापित 220 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना वर्ष 2016 में यूनिवर्सिटी के संस्थापक एवं चांसलर मोहम्मद आजम खान के प्रयासों से कराई गई थी।
    उन्होंने कहा कि इतनी ऊंचाई पर स्थापित राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और विकास को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

    स्वतंत्रता दिवस समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं के अलावा प्राध्यापक, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। विशाल तिरंगे के फहराए जाने के साथ समारोह का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad