विधानभवन में CM योगी ने फहराया तिरंगा, ‘वंदे मातरम्’ के बाद राष्ट्रगान से गूंजा परिसर
लखनऊ :- देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का भव्य नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को विधानभवन परिसर में तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान पहली बार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के बाद राष्ट्रगान हुआ। समारोह के बीच हेलीकॉप्टर से विधानभवन परिसर में पुष्पवर्षा ने कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ा दी।ध्वजारोहण के बाद प्रदेश की विविध लोक संस्कृतियों को मंच पर प्रस्तुत किया गया। बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल के कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश से पहुंचे कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विविधता का संदेश दिया।समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित जवानों के परिजनों को भी सम्मानित किया। मुख्यमंत्री इस मौके पर भगवा पगड़ी में नजर आए, जबकि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पारंपरिक धोती-कुर्ते में समारोह में शामिल हुए। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर भी ध्वजारोहण किया।
देश विरोधी ताकतों से सावधान रहने की अपील
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सभी से सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अराजकता और अशिक्षा से मुक्त करने के साथ ही भारत को कमजोर करने वाली ताकतों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब, युवा, महिला और किसान देश के चार प्रमुख वर्ग हैं। इन वर्गों के सशक्तिकरण और कल्याण पर लगातार काम करने से प्रदेश और देश को विकास की नई दिशा दी जा सकती है।निवेश और रोजगार को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश में निवेश और रोजगार के क्षेत्र में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया है और इससे 4 करोड़ से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़े उद्योगों की संख्या ढाई गुना तक बढ़ी है। वहीं, उत्तर प्रदेश में 22 हजार से अधिक स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं और 9 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
योगी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां बताते हुए इंसेफेलाइटिस समेत कई संचारी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण का दावा किया।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार का दावा
मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्कूलों की ड्रॉपआउट दर में उल्लेखनीय कमी आई है और यह 19 प्रतिशत से घटकर करीब 3 प्रतिशत रह गई है।
उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों में शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के मानदेय से जुड़े मामलों पर भी सरकार ने काम किया है।
तिरंगे के रंग में रंगा उत्तर प्रदेश
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। सरकारी कार्यालयों, बाजारों, दुकानों और घरों पर तिरंगा लहराता नजर आया। प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को भी तिरंगे के रंगों से सजाया गया।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ध्वजारोहण, तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े आयोजन किए गए। जगह-जगह लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया।




No comments