• Breaking News

    सावन में वाराणसी का ट्रैफिक प्लान: आज रात 8 बजे से 60 घंटे तक नो-एंट्री, कांवड़ मार्ग पर सिर्फ श्रद्धालुओं के वाहनों को मिलेगी अनुमति

    वाराणसी :-
    सावन के दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम और शहर के प्रमुख शिवालयों में बढ़ती श्रद्धालुओं व कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए वाराणसी यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इसके तहत शनिवार रात 8 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक चांदपुर चौराहे से मोहनसराय तक कांवड़ वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। यह प्रतिबंध लगातार 60 घंटे तक प्रभावी रहेगा।

    यातायात व्यवस्था के अनुसार, वाराणसी सीमा के गुड़िया बॉर्डर, रखौना अंडरपास, राजातालाब, मोहनसराय और मुडला तिराहा से चांदपुर तक बाईं लेन पूरे सावन माह में केवल कांवड़ यात्रियों के वाहनों के लिए आरक्षित रहेगी। वहीं रविवार और सोमवार की रात लागू होने वाली नियमित नो-एंट्री भी इस दौरान नहीं हटाई जाएगी। हालांकि दूध, फल, सब्जी और एलपीजी गैस की आपूर्ति करने वाले वाहनों को प्रतिबंध से राहत दी गई है।

    अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान मिश्रा ने बताया कि सावन के दौरान शहर में अंतरजनपदीय बसों और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली, प्रयागराज और भदोही की ओर से वाराणसी होकर गुजरने वाले ट्रक, बस और अन्य बड़े वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इन्हें रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से होकर अपने गंतव्य तक जाना होगा।

    हल्के वाहनों और बसों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। प्रयागराज की ओर से आने वाले छोटे यात्री वाहन कछवां रोड, राजातालाब, मोहनसराय बाईपास, अमरा-अखरी, चितईपुर, भिखारीपुर, बीएलडब्ल्यू गेट और ककरमत्ता होते हुए मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे।

    वहीं प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली की ओर से आने वाली बसों को राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से रखौना ओवरब्रिज और हरहुआ के रास्ते शहर में प्रवेश दिया जाएगा। दूसरी ओर गाजीपुर, आजमगढ़ और जौनपुर से आने वाली बसें हरहुआ, गिलट बाजार, शिवपुर चुंगी, फुलवरिया और लहरतारा होते हुए कैंट बस स्टेशन तक संचालित होंगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा से पहले निर्धारित रूट की जानकारी लेकर ही घर से निकलें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad