श्रावण मेला-2026: डीसीपी वरुणा ने कांवड़ यात्रा मार्गों का किया निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को परखा
वाराणसी :- श्रावण मास में आयोजित होने वाले मेला एवं कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) ने अपर पुलिस उपायुक्त के साथ प्रमुख शिवालयों और कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्कण्डेय महादेव, सारंगनाथ, कर्मदेश्वर महादेव और शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग और पुलिस तैनाती का बारीकी से जायजा लिया गया।मार्कण्डेय महादेव मंदिर के पास निरीक्षण के दौरान कुछ श्रद्धालुओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली से यात्रा करते हुए देखा गया। इसे संभावित हादसे की आशंका मानते हुए पुलिस ने तत्काल ऐसे वाहनों को रुकवाया और श्रद्धालुओं से सुरक्षित साधनों का उपयोग करने की अपील की।
डीसीपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि मंदिरों में दर्शन के दौरान भीड़ का प्रभावी प्रबंधन किया जाए तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मंदिर परिसरों एवं प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी। वहीं कांवड़ यात्रा मार्ग पर यूपी-112 की पीआरवी टीम लगातार गश्त कर किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटेगी।
यातायात व्यवस्था के तहत कांवड़ियों के लिए अलग लेन निर्धारित की गई है। मंदिरों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं तथा प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बूम बैरियर लगाकर यातायात को सुचारु बनाए रखने की व्यवस्था की गई है।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए प्रमुख मंदिरों, कांवड़ शिविरों और भीड़ वाले क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए कतार प्रणाली लागू रहेगी और महिलाओं के लिए अलग लाइन की व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रावण मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम वातावरण में दर्शन कर सकें।



No comments