वाराणसी में आंबेडकर, बुद्ध और काली की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त, गांव में तनाव; पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, जांच तेज
वाराणसी :- चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में शनिवार सुबह डॉ. भीमराव आंबेडकर, भगवान बुद्ध और माता काली की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त मिलने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो प्रतिमाएं टूटी हुई मिलीं। देखते ही देखते घटना की सूचना पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताया और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।मामले की गंभीरता को देखते हुए चौबेपुर पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के खुलासे के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विशेष टीमें गठित कर दी हैं।
प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। दोषी चाहे कोई भी हो, उसे कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

No comments