संसद परिसर में भगवा वेशभूषा पहनकर प्रदर्शन पर काशी के संतों का विरोध, पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत; डीसीपी बोले- दर्ज होगा मुकदमा
वाराणसी :- संसद परिसर में भगवा वेशभूषा पहनकर किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर काशी के संतों में नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी क्रम में शनिवार को पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर महंत जगद्गुरु बालक देवाचार्य ने कोतवाली थाने में शिकायत पत्र देकर पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।संतों का आरोप है कि संसद परिसर में संतों की वेशभूषा धारण कर किया गया प्रदर्शन सनातन परंपरा और साधु-संत समाज की गरिमा के विरुद्ध है। शिकायत देने से पहले संतों ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।मामले पर डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि संत समाज की ओर से थाना कोतवाली में एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव संसद परिसर के बाहर संतों की वेशभूषा में प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे सनातन धर्म और संत समाज का अपमान हुआ है। डीसीपी ने कहा कि शिकायत प्राप्त कर ली गई है और मामले में अभियोग पंजीकृत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।शिकायतकर्ता महंत जगद्गुरु बालक देवाचार्य ने कहा कि संसद परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के कई नेताओं की मौजूदगी में संतों की वेशभूषा का जिस प्रकार इस्तेमाल किया गया, उससे संत समाज आहत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो संत समाज लोकतांत्रिक तरीके से आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

No comments