चोलापुर में बिजली चोरी का बड़ा खुलासा, मीटर बाईपास कर चला रहे थे व्यावसायिक कनेक्शन
वाराणसी :- जिले में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चोलापुर क्षेत्र में प्रवर्तन दल द्वितीय (वाराणसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मीटर बाईपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे एक उपभोक्ता को पकड़ लिया। टीम ने मौके पर बिजली चोरी की पुष्टि होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम एवं उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (शक्ति भवन, लखनऊ) के निर्देश पर जनपद में बिजली चोरी रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को प्रवर्तन दल ने थाना चोलापुर क्षेत्र के ग्राम धरसौना में औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान टीम को एक व्यावसायिक श्रेणी (LMV-2) के परिसर में बिजली चोरी का मामला मिला। निरीक्षण में पाया गया कि उपभोक्ता ने विद्युत मीटर को पूरी तरह बाईपास कर सीधे बिजली का उपयोग करने की व्यवस्था कर रखी थी।
टीम के अनुसार, पोल से आने वाली मुख्य सर्विस केबल को मीटर तक पहुंचने से पहले बीच में काटकर उसमें अतिरिक्त केबल जोड़ दी गई थी। इस अवैध कनेक्शन के माध्यम से बिना मीटर में खपत दर्ज हुए भारी विद्युत भार संचालित किया जा रहा था, जिससे विभाग को राजस्व की क्षति पहुंच रही थी।
प्रवर्तन दल ने मौके पर बिजली चोरी के साक्ष्य एकत्र कर नियमानुसार कार्रवाई की तथा संबंधित उपभोक्ता के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No comments