• Breaking News

    पप्पू यादव और राहुल गांधी के विरोध में वाराणसी में प्रदर्शन, हिंदू संगठन ने फूंका पुतला; कार्रवाई की उठाई मांग

    वाराणसी :- संसद परिसर में राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर विपक्षी सांसदों द्वारा किए गए सांकेतिक प्रदर्शन के विरोध में रविवार को वाराणसी में एक हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सांसद पप्पू यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंककर विरोध जताया तथा उनके खिलाफ नारेबाजी की।

    प्रदर्शन में शामिल विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ता बैनर और तख्तियां लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप था कि संसद परिसर में हुए सांकेतिक प्रदर्शन के दौरान भगवा वस्त्र, संत समाज और सनातन परंपरा का अपमान किया गया। उनका कहना था कि धार्मिक प्रतीकों का राजनीतिक प्रदर्शन में इस प्रकार उपयोग करना करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है।

    विश्व हिंदू रक्षा परिषद के संगठन मंत्री राजेश मौर्य ने केंद्र सरकार और लोकसभा अध्यक्ष से मामले का संज्ञान लेकर सांसद पप्पू यादव के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उनकी संसद सदस्यता समाप्त करने पर विचार करने की मांग की। उन्होंने राहुल गांधी सहित प्रदर्शन में शामिल अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

    क्या है पूरा मामला?

    हाल ही में संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा अनियमितता के मुद्दे को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया था। इस दौरान सांसद पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर पुजारी के वेश में दानपात्र लेकर पहुंचे, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतीकात्मक रूप से उसमें चंदा डाला। इसके बाद प्रदर्शन के तहत सांकेतिक रूप से चोरी पकड़े जाने का दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसमें पप्पू यादव की प्रतीकात्मक पिटाई भी दिखाई गई।

    इस प्रदर्शन के बाद विभिन्न स्थानों पर विरोध दर्ज कराया जा रहा है। इसी क्रम में वाराणसी में भी हिंदू संगठन ने प्रदर्शन किया। इससे पहले पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक देवाचार्य द्वारा कोतवाली थाने में सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

    हालांकि, विपक्षी दलों की ओर से इस प्रदर्शन को सांकेतिक राजनीतिक विरोध बताया गया है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad