• Breaking News

    वाराणसी समेत पूर्वांचल में बदलेगा मौसम का मिजाज, सक्रिय होगा मानसून; झमाझम बारिश के आसार

    वाराणसी :- पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं, लेकिन अब जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी, जिससे घने बादलों के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। मंगलवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

    सोमवार सुबह आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। देर रात हुई बारिश से मौसम में हल्की ठंडक महसूस हुई, हालांकि वातावरण में नमी अधिक होने के कारण उमस बरकरार रही और लोगों को पसीने से राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग के मुताबिक रात के दौरान करीब 7.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

    तापमान और आर्द्रता का हाल

    पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। इस दौरान हवा में नमी का स्तर काफी ऊंचा रहा। न्यूनतम आर्द्रता 78 प्रतिशत और अधिकतम 86 प्रतिशत दर्ज की गई, जिसके चलते दिनभर चिपचिपी गर्मी का एहसास बना रहा।

    अगले 24 घंटे अहम

    मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में मानसून और अधिक सक्रिय होगा। पूर्वांचल के कई जिलों के साथ वाराणसी में भी घने बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है। बारिश के बाद उमस से भी राहत मिलने के आसार हैं।

    लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत

    मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसूनी सिस्टम के मजबूत होने से क्षेत्र में बारिश का सिलसिला बढ़ेगा। इससे न केवल तापमान में कमी आएगी, बल्कि लंबे समय से बनी उमस और गर्मी से भी लोगों को राहत मिलेगी। आने वाले दिनों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad