काशी विश्वनाथ धाम में VIP दर्शन के नाम पर ठगी की कोशिश नाकाम, महिला श्रद्धालु को लौटाए गए ₹4 हजार
वाराणसी :- सावन माह में श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच वीआईपी दर्शन के नाम पर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एक महिला श्रद्धालु से चार हजार रुपये लेकर विशेष दर्शन कराने का झांसा देने वाले एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया और मौके पर ही महिला के पैसे वापस कराए।
जानकारी के अनुसार, कर्नाटक के मैसूर से दर्शन के लिए आई एक महिला श्रद्धालु से आरोपी ने वीआईपी दर्शन कराने का भरोसा दिलाकर ऑनलाइन चार हजार रुपये ले लिए थे। मामले की जानकारी मिलते ही मंदिर क्षेत्र में तैनात पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया और उससे पूरी रकम महिला के खाते में वापस कराई।इस दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सिगरा थाना प्रभारी शिवकांत मिश्रा आरोपी से पूछताछ करते हुए उसे कड़ी फटकार लगाते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब सभी श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था उपलब्ध है तो किसी से पैसे लेकर विशेष दर्शन कराने का दावा करना पूरी तरह गलत है। पूछताछ के दौरान आरोपी अपने कृत्य का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
थाना प्रभारी ने महिला श्रद्धालु को भरोसा दिलाया कि उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है और पुलिस उनकी सुरक्षित एवं सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। इसके बाद महिला को विधिवत दर्शन भी कराया गया।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या दलाल के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति पैसे लेकर वीआईपी या विशेष दर्शन कराने का दावा करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस या मंदिर प्रशासन को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

No comments