• Breaking News

    डीजीसीए ने वाराणसी एयरपोर्ट पर परखी सुरक्षा व्यवस्था, रनवे विस्तार कार्य का किया निरीक्षण

    वाराणसी :-
    बाबतपुर लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे विस्तार के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने सख्ती दिखाई है। करीब 10 दिन पहले रात में निर्माण कार्य के दौरान रनवे पर गिट्टी और मलबा फैलने की घटना के बाद डीजीसीए की विशेष टीम ने एयरपोर्ट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया।

    निर्माण कार्य के दौरान रनवे पर मलबा फैलने से विमानों के संचालन पर खतरा उत्पन्न हो गया था। एहतियातन रनवे को करीब तीन घंटे के लिए बंद करना पड़ा था। घटना को गंभीरता से लेते हुए डीजीसीए ने टीम गठित कर एयरपोर्ट पर चल रहे रनवे विस्तार कार्य की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराई।
    निरीक्षण के दौरान डीजीसीए अधिकारियों ने निर्माण स्थल का जायजा लिया और यह परखा कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों, साफ-सफाई और विमान संचालन से जुड़े प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है या नहीं। टीम ने एयरपोर्ट प्रबंधन के साथ ही निर्माण एजेंसी पीएनसी इंफ्राटेक के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

    अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रात में निर्माण कार्य समाप्त होने के बाद रनवे को विमान संचालन के लिए सौंपने से पहले उसकी पूरी तरह से सफाई और सुरक्षा जांच सुनिश्चित की जाए। रनवे पर किसी भी तरह का मलबा, गिट्टी या निर्माण सामग्री न रह जाए, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

    डीजीसीए के निरीक्षण के बाद एयरपोर्ट पर निर्माण कार्य से जुड़े सुरक्षा इंतजामों को और पुख्ता करने की कवायद तेज हो गई है। अधिकारियों ने साफ किया कि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही यात्रियों और विमानों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

    रनवे विस्तार का काम भविष्य की विमानन जरूरतों को देखते हुए महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके साथ सुरक्षा मानकों का पालन भी सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीजीसीए की कार्रवाई के बाद उम्मीद है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किया जाएगा, ताकि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad