स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे के रंगों से सजे बाबा विश्वनाथ, काशी विश्वनाथ धाम में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
वाराणसी :- देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर काशी भी राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष आयोजन किए गए। बाबा विश्वनाथ का तिरंगे के रंगों में विशेष श्रृंगार किया गया, वहीं मंदिर परिसर में ध्वजारोहण कर देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना की गई।स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः बाबा श्री काशी विश्वनाथ की मंगला आरती से हुई। इस दौरान बाबा का केसरिया, सफेद और हरे रंग के फूलों से मनोहारी तिरंगा श्रृंगार किया गया। बाबा के इस विशेष स्वरूप ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति की भावना से भी जोड़ दिया।मंगला आरती के दौरान देश की सुख-शांति, समृद्धि, सुरक्षा और सभी देशवासियों के कल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की गई। इसके पश्चात सुबह करीब 8 बजे गंगेश्वर महादेव विग्रह के समीप स्थित प्रशासनिक कार्यालय नीलकंठ भवन में विधिवत ध्वजारोहण किया गया।ध्वजारोहण के बाद स्वतंत्रता दिवस के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर विचार-सत्र आयोजित किया गया। इसमें मंदिर न्यास के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने विचार साझा किए और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।इस अवसर पर मंदिर न्यास के अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। साथ ही राष्ट्रहित और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को और मजबूत करने का आह्वान किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। न्यास ने नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्र में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए देश की प्रगति में योगदान देने की अपील की।
मंदिर न्यास की ओर से संदेश दिया गया कि धर्म, सेवा और राष्ट्रभक्ति का समन्वय ही भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और राष्ट्रीय एकता की सशक्त पहचान है।





No comments