• Breaking News

    स्वतंत्रता दिवस पर CM योगी का बड़ा संदेश: ‘उपद्रव प्रदेश’ से ‘उत्सव प्रदेश’ बना यूपी, युवाओं के लिए जल्द आएगी नई यूथ पॉलिसी

    लखनऊ :- देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को उत्तर प्रदेश देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। राजधानी लखनऊ स्थित विधानभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान पहली बार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। कार्यक्रम स्थल पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई।
    स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवा पगड़ी में नजर आए, जबकि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पारंपरिक धोती-कुर्ते में दिखाई दिए। समारोह में बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश से आए कलाकारों ने भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए देश की विविधता और एकता की झलक पेश की।
    मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शहीदों तथा राष्ट्रपति पदक से सम्मानित जवानों के परिजनों को सम्मानित किया।

    ‘उपद्रव प्रदेश’ से ‘उत्सव प्रदेश बना उत्तर प्रदेश

    अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में बड़ा बदलाव देखा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार के साथ यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ से ‘उत्सव प्रदेश’ बन चुका है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सुशासन और विकास के नए मॉडल की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब प्रदेश की पहचान पिछड़े और बीमारू राज्य के तौर पर नहीं, बल्कि विकास, निवेश, रोजगार और बेहतर कानून-व्यवस्था वाले राज्य के रूप में बन रही है।

    उन्होंने कहा कि अब यूपी में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ (ODOP) और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ जैसी नई पहचान विकसित हो रही है।

    युवाओं के लिए जल्द आएगी नई यूथ पॉलिसी

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जल्द ही नई यूथ पॉलिसी लेकर आएगी। इस नीति का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उनकी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप बेहतर अवसर उपलब्ध कराना होगा।

    उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं के हाथ में स्किल, इनोवेशन और रोजगार उपलब्ध कराना है। नई यूथ पॉलिसी के जरिए युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा देने और उन्हें नए दौर की अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए एकीकृत व्यवस्था तैयार की जाएगी।

    Gen-Z और Gen-Alpha पर सरकार का फोकस

    मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के युवा उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। सरकार युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को प्रदेश के विकास की शक्ति में बदलने के लिए लगातार काम कर रही है।

    उन्होंने बताया कि Gen-Z और Gen-Alpha के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप, रोबोटिक्स, डेटा सेंटर, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, साइबर सिक्योरिटी, इलेक्ट्रिक व्हीकल, फिनटेक और डीपटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में नए अवसर विकसित किए जाएंगे।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, ताकि मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का निष्पक्ष अवसर मिल सके।

    युवाओं को मिलेगा उद्यम और खेल का बढ़ावा

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी भी बनें।

    खेलों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रदेश में व्यापक स्तर पर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज, हर जिले में स्टेडियम, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम तथा गांवों में खेल मैदान और ओपन जिम विकसित किए जा रहे हैं।

    तिरंगे के रंग में रंगा पूरा उत्तर प्रदेश

    स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे उत्तर प्रदेश में उत्सव और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। घरों, दुकानों और सरकारी भवनों पर तिरंगा शान से लहराता नजर आया। शहरों के प्रमुख चौराहों और सरकारी कार्यालयों को भी तिरंगे की रोशनी और सजावट से सजाया गया।

    प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा यात्राएं और देशभक्ति से जुड़े आयोजन किए गए। आगरा में बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया, वहीं काशी में बाबा विश्वनाथ का विशेष तिरंगा श्रृंगार किया गया।

    स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के गीतों और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज से पूरा उत्तर प्रदेश राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। समारोहों में लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को दोहराया।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad