• Breaking News

    मंडलायुक्त का धुआंधार दौरा, एयरपोर्ट से गंजारी स्टेडियम तक विकास कार्यों की ली जानकारी

    वाराणसी :- मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सोमवार को जिले में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, गंजारी स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय का दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। कार्यों में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
    एयरपोर्ट पहुंचकर रनवे एक्सपेंशन और कार्गो टर्मिनल का निरीक्षण
    मंडलायुक्त ने सबसे पहले बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचकर एकीकृत एयर कार्गो टर्मिनल का निरीक्षण किया। उन्होंने टर्मिनल के संचालन, उपलब्ध सुविधाओं और इससे जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। करीब 8800 वर्ग मीटर में फैला एकीकृत एयर कार्गो टर्मिनल किसानों के उत्पादों को देश-विदेश, विशेषकर खाड़ी देशों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
    इसके बाद मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन एयरपोर्ट रनवे एक्सपेंशन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए एक्सपेंशन क्षेत्र में आने वाले स्ट्रक्चर को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने रनवे से जुड़े कार्यों में सुरक्षा और तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा।
    रनवे एक्सपेंशन के कार्यों में अपेक्षित गति नहीं मिलने पर मंडलायुक्त ने तहसीलदार पिंडरा को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
    एयरपोर्ट सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर
    मंडलायुक्त ने कहा कि एयर कार्गो सुविधाओं का विस्तार वाराणसी की बढ़ती हवाई कनेक्टिविटी और व्यापारिक गतिविधियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे स्थानीय किसानों और कारोबारियों को अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।
    उन्होंने संबंधित विभागों और एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों और एयरपोर्ट संचालन पर पड़ने वाले प्रभाव को न्यूनतम रखने को कहा।

    गंजारी क्रिकेट स्टेडियम की भी परखी प्रगति

    इसके बाद मंडलायुक्त एस. राजलिंगम गंजारी स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने स्टेडियम परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए परियोजना की वर्तमान प्रगति की समीक्षा की।

    मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से निर्माण के विभिन्न चरणों की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और स्टेडियम में विकसित की जा रही आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया।

    उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। परियोजना के सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

    350 करोड़ की लागत से बन रहा स्टेडियम

    गौरतलब है कि गंजारी में करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। यह परियोजना वाराणसी और पूर्वांचल में खेल सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। स्टेडियम का करीब 80 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे अक्टूबर की शुरुआत तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

    मंडलायुक्त ने कहा कि स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

    सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय का भी लिया जायजा

    गंजारी दौरे के दौरान मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों की स्थिति और आगामी कार्ययोजना के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

    उन्होंने कहा कि जिले में चल रही सभी प्रमुख विकास परियोजनाओं को निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के साथ समय से पूरा कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

    मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। कार्यों में शिथिलता या लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजातालाब शांतनु समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad