सावन के पहले सोमवार से पहले अलर्ट मोड में वाराणसी पुलिस, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया काशी विश्वनाथ धाम और कांवड़ मार्ग का पैदल निरीक्षण
वाराणसी :- सावन के प्रथम सोमवार पर उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रविवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गिरजाघर मार्ग से गोदौलिया, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और गंगा घाटों तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।पुलिस आयुक्त ने कहा कि सावन के प्रथम सोमवार पर विभिन्न जिलों और राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंचेंगे। ऐसे में प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने, उन्हें "सर" और "मैडम" कहकर संबोधित करने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि प्रयागराज-वाराणसी कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों के सुरक्षित आवागमन के लिए अलग डेडिकेटेड लेन बनाई गई है। इस मार्ग पर पीआरवी, क्यूआरटी और पर्याप्त पुलिस बल की लगातार तैनाती रहेगी। वहीं श्री काशी विश्वनाथ धाम, मंदिर क्षेत्र, कांवड़ मार्ग और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी की जाएगी, जिसकी मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से लगातार होगी।श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए मंदिर परिसर के आसपास व्यापक बैरिकेडिंग की गई है, ताकि कतारबद्ध और सुरक्षित तरीके से दर्शन हो सकें। स्थानीय श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य गेट संख्या-4 के साथ गेट संख्या-4बी से भी पहचान पत्र के आधार पर अलग प्रवेश की व्यवस्था की गई है।भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी, जो संदिग्ध और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा कांवड़ मार्ग पर अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र, विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधाएं, खोया-पाया केंद्र और सूचना सहायता केंद्र सक्रिय रहेंगे। प्रमुख चौराहों पर जिगजैग बैरिकेडिंग तथा अवैध कट बंद कर यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने की व्यवस्था की गई है।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की मॉनिटरिंग करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे सुरक्षित एवं सुखद वातावरण में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन कर सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।




No comments