• Breaking News

    सावन के पहले सोमवार पर सर्वधर्म एकता की मिसाल, श्रद्धालुओं की सेवा में साथ आए सभी समुदाय के लोग...

    वाराणसी :-
    सावन के प्रथम सोमवार पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ी आस्था की भीड़ के बीच समाजवादी पार्टी की ओर से श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशेष सेवा शिविर लगाया गया। जंगमबाड़ी मठ के समीप यूको बैंक के सामने आयोजित इस शिविर में विभिन्न धर्मों के लोगों ने एकजुट होकर श्रद्धालुओं का स्वागत और सेवा की।

    समाजवादी नेता रजत वाल्मीकि के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के प्रतिनिधियों ने मिलकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की और उनका अभिनंदन किया। सेवा शिविर में फल, फलाहार, लस्सी, शीतल पेयजल सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को राहत मिली।

    आयोजकों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और सर्वधर्म समभाव का संदेश देना भी है। उनका मानना है कि धार्मिक अवसरों पर मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।

    क्रिश्चियन कमेटी के प्रतिनिधि विवेक जोसेफ ने कहा कि सावन का पवित्र महीना लोगों को सेवा, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना और श्रद्धालुओं की निस्वार्थ सेवा करना समाज को जोड़ने का कार्य करता है।

    कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों तथा अलग-अलग धर्मों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। श्रद्धालुओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे वाराणसी की साझा संस्कृति, सामाजिक समरसता और गंगा-जमुनी परंपरा का सुंदर उदाहरण बताया।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad