श्रावण मास व स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग, संदिग्ध वस्तुओं की हुई जांच
वाराणसी:- श्रावण मास एवं आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जीआरपी कैंट वाराणसी पुलिस ने गुरुवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक रेलवे, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी के निर्देशन में जीआरपी, आरपीएफ, पीएसी, बीडीडीएस एवं डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में सघन जांच की।संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन के पार्सल घर, यात्री प्रतीक्षालय, आरक्षण हाल, फुट ओवरब्रिज, वाहन स्टैंड, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म एवं ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहनता से जांच की। इस दौरान स्टेशन परिसर में अनधिकृत रूप से रुके लोगों को हटाया गया तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।चेकिंग अभियान के दौरान कांवरियों एवं यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की गई कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई किसी भी वस्तु का सेवन न करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखाई देने अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, जीआरपी या आरपीएफ को सूचना देने की अपील की गई।
पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु अथवा गतिविधि नहीं मिली और अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। श्रावण मास एवं स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सतर्कता लगातार जारी रहेगी।



No comments