वाराणसी : आधी रात रिंग रोड पर पुलिस-बदमाश आमने-सामने, फायरिंग के बाद चेन स्नेचर पकड़ा गया
वाराणसी :- लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। रिंग रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर भाग रहे बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। दोनों की पहचान गोरखपुर निवासी प्रदुम्न मल्ल (22) और वेद प्रकाश (30) के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, रविवार रात करीब 12:30 बजे दोनों आरोपी पल्सर बाइक से रिंग रोड की ओर जा रहे थे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। पीछा और घेराबंदी के दौरान बाइक फिसलने से दोनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रदुम्न मल्ल के पैर में गोली लगी। वहीं, वेद प्रकाश को पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया।घायल बदमाश को तत्काल दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पूछताछ और जांच के दौरान दोनों के गोरखपुर निवासी होने की जानकारी सामने आई। पुलिस का दावा है कि आरोपी वाराणसी समेत आसपास के कई जिलों में लूट और चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। वारदात के बाद दोनों गोरखपुर और बिहार की ओर फरार हो जाते थे।
75 हजार रुपये और तमंचा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 75 हजार रुपये नकद, पीली धातु के आभूषण, 315 बोर का तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल पल्सर बाइक को भी कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने बाइक और घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
अधिवक्ता की मां से चेन लूट में भी सामने आया नाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुठभेड़ में पकड़े गए दोनों आरोपियों ने बीते 17 जुलाई को लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र में एक अधिवक्ता की मां से चेन लूट की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा गाजीपुर, मऊ समेत अन्य जनपदों में भी उनके आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी मिली है।पुलिस अब दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों की पुलिस से भी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।


No comments