• Breaking News

    वाराणसी एयरपोर्ट गोलीकांड में यात्री गिरफ्तार, शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति....

    वाराणसी :- लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली फर्श से टकराने के बाद एयरपोर्ट की एक महिला कर्मचारी की जांघ में जा लगी, जबकि एक अन्य कर्मचारी के हाथ में छर्रे लगे। दोनों घायलों को तत्काल न्यू लक्ष्मी हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है।

    घटना के बाद सीआईएसएफ जवानों ने यात्री को हिरासत में ले लिया। एयरपोर्ट कर्मचारी सुनील कुमार सिंह की तहरीर पर आजमगढ़ निवासी कमलेश राय के खिलाफ बीएनएस की धारा 125 ए और 125 बी के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की संस्तुति किए जाने की बात कही गई है।

    मैगजीन निकालते समय दबा ट्रिगर

    पुलिस के अनुसार आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र के रामगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX-1810 से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। यात्री के पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसकी जानकारी उन्होंने नियमानुसार एयरपोर्ट पर पहले ही घोषित कर दी थी।

    एयरलाइंस काउंटर और सुरक्षा जांच के दौरान हथियार से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जा रही थीं। इसी दौरान पिस्टल जमा करने से पहले मैगजीन निकालने की प्रक्रिया में अचानक ट्रिगर दब गया और एक राउंड फायर हो गया। गोली फर्श से टकराने के बाद सुमन कुमारी की जांघ में लगी, जबकि उसके छर्रे रोहित राज के हाथ में लगे।

    पिस्टल में तीन और बैग में 19 कारतूस

    जांच में पुलिस को पिस्टल की मैगजीन में दो कारतूस मिले, जबकि एक कारतूस चैंबर में मौजूद था। यात्री के बैग से 19 अतिरिक्त कारतूस भी बरामद हुए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हथियार और कारतूस को कब्जे में ले लिया।

    मुंबई में होटल कारोबार, परिवार का स्थानीय राजनीतिक जुड़ाव

    पुलिस के मुताबिक कमलेश राय का मुंबई में होटल कारोबार है और वह एकनाथ शिंदे की शिवसेना से जुड़े बताए जाते हैं। मुंबई में वह चार बार और उनकी पत्नी दो बार नगर निगम पार्षद रह चुकी हैं। वर्तमान में उनका बड़ा बेटा रितेश राय नगर सेवक है, जबकि छोटा बेटा यत्नेश राय डॉक्टर है।

    रामगढ़ गांव में उनके पिता केदारनाथ राय और मां ऊषा राय रहते हैं। ऊषा राय ग्राम प्रधान भी हैं। गांव में उनके परिवार की ओर से बाबू शिवपट्टर राय स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय भी संचालित है।

    एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

    घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और हथियारों की जांच से जुड़ी प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। विमानन सुरक्षा नियमों के तहत लाइसेंसी हथियार को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अनलोड कर सुरक्षित तरीके से विमान के कार्गो होल्ड में भेजा जाता है। ऐसे में सवाल यह है कि यात्री को टर्मिनल के चेक-इन क्षेत्र में ही हथियार की मैगजीन निकालने की प्रक्रिया से क्यों गुजरना पड़ा।

    बताया जा रहा है कि बनारस एयरपोर्ट पर हथियारों की सुरक्षित हैंडलिंग के लिए अलग स्ट्रांग रूम की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में हथियार को सुरक्षित तरीके से अनलोड करने की व्यवस्था पर भी जांच की जरूरत सामने आई है।

    हाई अलर्ट के बीच हुई घटना ने बढ़ाई चिंता

    स्वतंत्रता दिवस के दौरान एयरपोर्ट समेत महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहती है। ऐसे समय में टर्मिनल भवन के भीतर हथियार से फायर होने की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।

    पुलिस अब यह जांच कर रही है कि गोली महज लापरवाही के कारण चली या हथियार की जांच के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। एयरपोर्ट प्रशासन, एयरलाइन और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

    सबसे बड़ा सवाल यही है कि भीड़भाड़ वाले चेक-इन क्षेत्र में लोडेड पिस्टल की मैगजीन निकालने की नौबत क्यों आई। घटना में गोली किसी यात्री को भी लग सकती थी। ऐसे में एयरपोर्ट की मौजूदा सुरक्षा प्रक्रिया और हथियारों की हैंडलिंग से जुड़े एसओपी के पालन की समीक्षा जरूरी मानी जा रही है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad