• Breaking News

    रूस में टेनिस खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देकर लौटे वाराणसी के ब्रजभूषण यादव

    वाराणसी :-
    काशी के टेनिस कोच ब्रजभूषण यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कोचिंग प्रतिभा का परिचय देते हुए रूस में आयोजित 45 दिवसीय टेनिस कैंप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया। रूस के समारा शहर में हुए इस प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने करीब 100 खिलाड़ियों को टेनिस की बारीकियां सिखाईं। इसके साथ ही वह रूस में टेनिस प्रशिक्षण देने वाले पूर्वांचल के पहले कोच बन गए हैं।
    रविंद्रपुरी निवासी ब्रजभूषण यादव को टेनिस कोचिंग के क्षेत्र में लगभग आठ वर्षों का अनुभव है। समारा में आयोजित कॉसमॉस कैंप का आयोजन 10 जून से 9 अगस्त 2026 तक किया गया। इस दौरान ब्रजभूषण ने करीब डेढ़ महीने तक खिलाड़ियों के साथ काम करते हुए उन्हें तकनीक, खेल रणनीति और प्रतियोगिता की तैयारी से जुड़े प्रशिक्षण दिए।

    ब्रजभूषण यादव ने वर्ष 2019 में आईआईटी बीएचयू में संविदा टेनिस कोच के रूप में अपने कोचिंग करियर को आगे बढ़ाया। उनके मार्गदर्शन में आईआईटी बीएचयू की टेनिस टीम ने लगातार कई वर्षों तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इस दौरान टीम ने कई स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत भी दर्ज की।

    रूस जाने से पहले ब्रजभूषण यादव ने आईआईटी बीएचयू के टेनिस कोच पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्हें रूस के समारा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कैंप में कोचिंग का अवसर मिला। करीब 100 खिलाड़ियों के बीच प्रशिक्षण देने का यह अनुभव उनके करियर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

    45 दिन का कैंप पूरा करने के बाद ब्रजभूषण यादव वाराणसी वापस लौट आए हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण का अनुभव हासिल करने के बाद अब उनसे काशी और पूर्वांचल के युवा टेनिस खिलाड़ियों को नई तकनीक और आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों का लाभ मिलने की उम्मीद है। उनकी उपलब्धि से स्थानीय खेल जगत में भी उत्साह है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad