अभिनेता राजपाल यादव की सुप्रीम कोर्ट में अपील, चेक बाउंस केस में हाई कोर्ट के फैसले को दी चुनौती
दिल्ली/नोएडा :- चेक बाउंस से जुड़े मामलों में सजा बरकरार रहने के बाद अभिनेता और हास्य कलाकार राजपाल यादव ने अब सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ उनकी ओर से शीर्ष अदालत में याचिका दाखिल की गई है। याचिका फिलहाल न्यायालय की प्रक्रिया में है और इसकी स्क्रूटनी पूरी होने के बाद इसे नियमित केस नंबर मिलने की उम्मीद है।
राजपाल यादव की ओर से दाखिल अपील में दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें सात अलग-अलग चेक बाउंस मामलों में उनकी दोषसिद्धि कायम रखी गई थी। इन मामलों में अदालत ने उन्हें प्रत्येक शिकायत के लिए तीन महीने की साधारण सजा सुनाई थी। साथ ही शिकायतकर्ताओं को एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम मुआवजे के तौर पर देने का निर्देश भी दिया गया था।
यह विवाद करीब 16 साल पुराना बताया जा रहा है। मामला वर्ष 2010 में राजपाल यादव की फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के दौरान लिए गए कर्ज से जुड़ा है। आरोप है कि तय समय पर रकम वापस नहीं किए जाने के बाद संबंधित कारोबारी की ओर से चेक जारी किए गए, लेकिन भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद राजपाल यादव के खिलाफ अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गईं।
अब सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल होने के बाद अभिनेता की कानूनी टीम शीर्ष अदालत से जल्द सुनवाई की मांग कर सकती है। यदि अदालत मामले पर सुनवाई करते हुए उचित आदेश देती है तो राजपाल यादव को सजा के मामले में अंतरिम राहत मिलने की संभावना बन सकती है।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने तक हाई कोर्ट का आदेश प्रभावी रहेगा। वहीं कर्ज और कानूनी विवादों के बीच उनकी संपत्तियों को लेकर भी हाल में नीलामी संबंधी नोटिस सामने आने की बात कही गई है। ऐसे में राजपाल यादव के लिए सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई बेहद अहम मानी जा रही है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि शीर्ष अदालत इस अपील पर कब सुनवाई करती है और राजपाल यादव को सजा तथा मुआवजे के मामले में तत्काल कोई राहत मिलती है या नहीं।

No comments