राइड बुकिंग से पहले टिप का विकल्प बंद, केंद्र ने ओला-उबर और रैपिडो को दिए निर्देश
नई दिल्ली :- ऑनलाइन कैब और बाइक टैक्सी बुक करने वाले यात्रियों के लिए केंद्र सरकार ने एक अहम निर्देश जारी किया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ओला, उबर और रैपिडो जैसे राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म्स को राइड शुरू होने से पहले टिप देने की सुविधा हटाने के निर्देश दिए हैं।
मंत्रालय ने अपने सर्कुलर में कहा है कि कुछ ऐप्स पर यात्रियों को बुकिंग के दौरान ही चालक के लिए टिप देने का विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा था। सरकार ने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए इसे तत्काल बंद करने को कहा है।
एडवांस टिप को लेकर सरकार की आपत्ति
सरकार का मानना है कि राइड शुरू होने से पहले टिप देने का विकल्प यात्रियों के बीच यह गलत धारणा पैदा कर सकता है कि अतिरिक्त रकम देने से उनकी राइड जल्दी स्वीकार हो सकती है। खासकर अधिक मांग वाले समय में यात्रियों पर टिप देने का अप्रत्यक्ष दबाव बनने की आशंका जताई गई है।
सेवा के बाद ही दें टिप
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि टिप पूरी तरह यात्री की स्वेच्छा पर निर्भर होनी चाहिए। इसे राइड की उपलब्धता या ड्राइवर द्वारा बुकिंग स्वीकार करने से किसी भी तरह नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
यदि यात्री चालक की सेवा से संतुष्ट होता है, तो वह यात्रा पूरी होने के बाद अपनी इच्छा के अनुसार टिप दे सकता है। सरकार के निर्देश का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राइड हासिल करने के लिए यात्रियों को किसी अतिरिक्त भुगतान के लिए प्रेरित या प्रभावित न किया जाए।

No comments