• Breaking News

    नवनियुक्त एमडी संदीप कुमार से मिला विद्युत मजदूर पंचायत का प्रतिनिधिमंडल

    • कर्मचारी समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान का मिला आश्वासन, डिस्कॉम की बेहतरी में हरसंभव सहयोग का भरोसा..
    वाराणसी :- पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पूर्वांचल डिस्कॉम) के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक श्री संदीप कुमार (आईएएस) के कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को विद्युत मजदूर पंचायत, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
    प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंध निदेशक को आश्वस्त किया कि पूर्वांचल डिस्कॉम की कार्यक्षमता बढ़ाने, उपभोक्ता सेवाओं में सुधार तथा निगम के सर्वांगीण विकास के लिए विद्युत मजदूर पंचायत सकारात्मक एवं रचनात्मक सहयोग करती रहेगी। संगठन ने कहा कि कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निगम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
    इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं एवं मांगों को प्रबंध निदेशक के समक्ष विस्तार से रखा। श्री संदीप कुमार ने सभी बिंदुओं को गंभीरता और सकारात्मक दृष्टिकोण से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की वास्तविक एवं न्यायोचित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

    प्रबंध निदेशक ने कहा कि कर्मचारी निगम की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी हैं। उनके हितों, कार्य-सुविधाओं और बेहतर कार्य वातावरण को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन की ओर से हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

    विद्युत मजदूर पंचायत ने प्रबंध निदेशक के सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पूर्वांचल डिस्कॉम नई उपलब्धियां हासिल करेगा। कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होने के साथ ही उपभोक्ताओं को और बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

    प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय कार्यवाहक महामंत्री डॉ. आर.बी. सिंह, प्रांतीय अतिरिक्त महामंत्री ओ.पी. सिंह, प्रांतीय मंत्री जिउतलाल, जिलाध्यक्ष विजय सिंह, प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल मंत्री अंकुर पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad