• Breaking News

    श्रावण मेला: पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

    वाराणसी :- श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शनिवार को जनपद की सीमा क्षेत्र गुड़िया बॉर्डर (कछवां रोड) से लहरतारा तक प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा यात्रा मार्ग पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
    निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने अस्थायी पुलिस सहायता केंद्रों, विश्राम स्थलों, चिकित्सा सुविधाओं, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिल सके।
    पुलिस आयुक्त के प्रमुख निर्देश

    प्रयागराज से मोहनसराय तक कांवड़ियों के लिए समर्पित लेन
    प्रयागराज से मोहनसराय तक एक लेन पूरी तरह कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगी। इस लेन में अन्य किसी भी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    हर प्रमुख पड़ाव पर पुलिस, विश्राम और चिकित्सा सुविधा
    कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थापित अस्थायी पुलिस सहायता केंद्रों, विश्राम स्थलों और चिकित्सा शिविरों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    सभी कटों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग
    दुर्घटनाओं और अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए सभी कटों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाई जाएगी तथा अवैध कटों को तत्काल बंद कराया जाएगा।

    खोया-पाया केंद्र और सूचना सहायता व्यवस्था
    भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर खोया-पाया केंद्र, सूचना सहायता केंद्र और स्मार्ट बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता मिल सके।

    हर चार किलोमीटर पर पीआरवी और फैंटम टीम
    पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर प्रत्येक चार किलोमीटर की दूरी पर पीआरवी अथवा फैंटम टीम 24 घंटे तैनात रहेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

    डीजे संचालन पर विशेष निगरानी
    कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे संचालन केवल न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही होगा। डीजे की ऊंचाई, संरचना और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रहेगा तथा उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

    अधिकारी लगातार रहेंगे फील्ड में
    पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन की व्यक्तिगत निगरानी करें। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

    निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad