• Breaking News

    सावन के दूसरे सोमवार पर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे डीएम, श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक; CCTV से परखी सुरक्षा व्यवस्था

    वाराणसी :-
    सावन के दूसरे सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर दर्शन-पूजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
    निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे शिव भक्तों और श्रद्धालुओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी, पेयजल, साफ-सफाई, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया।
    जिलाधिकारी ने सावन के दूसरे सोमवार की प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए बाबा विश्वनाथ से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

    भीड़ को देखते हुए डीएम ने अधिकारियों को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था लगातार बेहतर बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं प्रभावी तरीके से सुनिश्चित की जाएं।

    इसके बाद जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में बैठकर CCTV कैमरों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ की निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही न हो और भीड़ वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए।

    जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

    निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं मंदिर प्रशासन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad