सावन के दूसरे सोमवार पर शिवमय हुई काशी, बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब; सुबह तक 1.35 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
वाराणसी :- सावन के दूसरे सोमवार पर धर्मनगरी काशी पूरी तरह शिवमय नजर आई। भोर से ही गंगा घाटों से लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चारों ओर हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा। कांवड़ियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे।मंगला आरती के बाद जैसे ही बाबा विश्वनाथ मंदिर के कपाट खुले, श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कांवड़ियों और भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। सुबह से ही धाम में लगातार भक्तों का आगमन जारी रहा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, सुबह सात बजे तक करीब 1 लाख 35 हजार श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन कर चुके थे। सावन के सोमवार के साथ प्रदोष का संयोग होने के कारण इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंचे। कई भक्त रविवार रात से ही गंगा स्नान कर बाबा के दर्शन के लिए कतार में लग गए थे।
गंगा घाटों पर स्नान के बाद कांवड़ियों के जत्थे बोल-बम का उद्घोष करते हुए मंदिर की ओर बढ़ते नजर आए। भक्ति में डूबे कांवड़िए रास्ते में नाचते-झूमते हुए बाबा का नाम लेते रहे। धाम के आसपास का पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।
भीड़ को देखते हुए किए गए विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए मंदिर प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। परिसर में जिग-जैग बैरिकेडिंग, शेड, पेयजल और मेडिकल कैंप की व्यवस्था की गई है। भीड़ को चरणबद्ध तरीके से मंदिर परिसर की ओर भेजा जा रहा है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
प्रमुख शिवालयों में भी उमड़ी भीड़
सावन के दूसरे सोमवार पर केवल बाबा विश्वनाथ धाम ही नहीं, बल्कि काशी के प्रमुख शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। महामृत्युंजय मंदिर, गौरी केदारेश्वर, तिलभांडेश्वर और बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर समेत शहर के तमाम छोटे-बड़े शिवालयों में सुबह से भक्तों की कतार लगी रही।
हर मंदिर में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन कर रहे हैं। सावन के सोमवार को लेकर काशी का माहौल पूरी तरह शिव भक्ति में डूबा नजर आया।


No comments