• Breaking News

    वाराणसी के नव नियुक्त CMO डॉ. एनपी सिंह ने संभाला कार्यभार, बोले- जनहित सर्वोपरि, स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता सुधार पहली प्राथमिकता

    • मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और संचारी रोग नियंत्रण पर रहेगा विशेष जोर; CHC-PHC और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की नियमित होगी समीक्षा...

    वाराणसी :- उत्तर प्रदेश शासन के आदेश के क्रम में वाराणसी के नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एनपी सिंह ने मंगलवार को अपने पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रारंभिक समीक्षा की। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ, समयबद्ध और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। शासन की मंशा के अनुरूप जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाएंगे।

    उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, नियमित टीकाकरण, संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि आम लोगों को शासन द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय से मिल सके।

    CHC-PHC और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर विशेष निगरानी

    नव नियुक्त सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

    इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित समीक्षा, अनुश्रवण और आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग हो और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

    मरीजों को बेहतर जांच और उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी

    डॉ. सिंह ने कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा, आवश्यक जांच और समय पर उपचार उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली को और सुदृढ़ किया जाएगा तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन कराया जाएगा।

    उन्होंने विभागीय अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं में आने वाली समस्याओं की नियमित समीक्षा करने और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

    अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया स्वागत

    कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. एनपी सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में उन्हें पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

    इस अवसर पर डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि “जनहित सर्वोपरि है।” उन्होंने कहा कि वाराणसी में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता में निरंतर सुधार के लिए सभी स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाएंगे, ताकि जनपद के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad