कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर बिजली विभाग अलर्ट, देर रात सड़कों पर उतरे MD; ढीले तार और ट्रांसफार्मरों की जांच
वाराणसी :- सावन के दूसरे सोमवार से पहले काशी में बढ़ने वाली कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विद्युत विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के नव नियुक्त प्रबंध निदेशक (एमडी) संदीप कुमार ने रविवार देर रात अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
एमडी ने कांवड़ियों के आवागमन वाले रास्तों के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बिजली के तारों, ट्रांसफार्मरों, स्ट्रीट लाइट और आपातकालीन बिजली व्यवस्था की स्थिति को देखा।
निरीक्षण के दौरान जहां कहीं भी तार ढीले या नीचे लटकते मिले, उन्हें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। एमडी ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर विद्युत सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने मार्ग में स्थापित ट्रांसफार्मरों के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए, ताकि भीड़ के बीच किसी तरह की दुर्घटना की स्थिति न बने।
लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई
प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि सावन के दौरान विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संवेदनशील स्थानों की दोबारा जांच कराने और कमियों को समय रहते दूर करने को कहा।
उन्होंने स्ट्रीट लाइटों को लगातार चालू रखने, खराब लाइटों को तत्काल बदलने और किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के लिए टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
आपात स्थिति के लिए तैयार रहें टीमें
सावन के दूसरे सोमवार पर काशी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में विद्युत विभाग ने फील्ड कर्मचारियों और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। एमडी ने निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई करने वाली टीमें तैयार रहें और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल में निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
देर रात हुए इस निरीक्षण के दौरान निदेशक तकनीकी जितेंद्र नलवाया, मुख्य अभियंता अनिल कुमार वर्मा, अधीक्षण अभियंता दिलीप कुमार सहित विद्युत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

No comments