26 लाख की BMW सुपरबाइक पर पुलिस का शिकंजा, बिना नंबर प्लेट दौड़ रही थी सड़क पर; मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलती थी फायरिंग जैसी आवाज
वाराणसी :- शहर में देर रात तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर की तेज आवाज से लोगों को परेशान करने वाली करीब 26 लाख रुपये कीमत की BMW सुपरबाइक को सिगरा पुलिस ने सीज कर दिया। रविवार देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट सड़क पर दौड़ रही बाइक को कब्जे में लिया। बाइक को लेकर पिछले कई दिनों से पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं।
पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार देर रात शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार में वाहन चलाता था। बाइक में लगा मॉडिफाइड साइलेंसर बैकफायर के दौरान इतनी तेज आवाज करता था कि आसपास मौजूद लोगों को फायरिंग जैसी आवाज सुनाई देती थी। रिहायशी इलाकों में अचानक होने वाली इन तेज आवाजों से लोगों में दहशत का माहौल बन रहा था।
कई दिनों से मिल रही थीं शिकायतें
बताया गया कि पिछले करीब एक सप्ताह से देर रात इस BMW बाइक के तेज रफ्तार में गुजरने और तेज आवाज करने की शिकायतें पुलिस तक पहुंच रही थीं। शिकायतों के बाद सिगरा पुलिस बाइक की तलाश में जुटी थी। रविवार देर रात पुलिस ने बाइक को रोककर जांच की तो उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी मिली।
जांच के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन के साथ बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगे होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने बाइक को मौके पर ही सीज कर दिया।
बिना नंबर प्लेट और मॉडिफाइड साइलेंसर पर कार्रवाई
सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि बाइक को बिना नंबर प्लेट चलाया जा रहा था। इसके अलावा उसमें अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल किया गया था, जिससे तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण की समस्या पैदा हो रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, बाइक सवार की तेज रफ्तार और अचानक होने वाले बैकफायर से सड़क पर चलने वाले लोगों के साथ आसपास के लोग भी परेशान थे। अब पुलिस बाइक से जुड़े दस्तावेजों और उसके अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और नियमों के विपरीत मॉडिफिकेशन कराने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

No comments