• Breaking News

    UGC-NET जून 2026: तीन विषयों की परीक्षा रद्द, सितंबर में फिर होगा एग्जाम...

    नई दिल्ली :- UGC-NET जून 2026 परीक्षा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की आयोजित परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। यह फैसला प्रोविजनल आंसर की जारी होने के बाद विशेषज्ञ समिति की जांच में प्रश्नपत्रों में मिली गंभीर त्रुटियों के आधार पर लिया गया।

    NTA के मुताबिक, प्रश्नपत्रों की गुणवत्ता और परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर कई खामियां सामने आई थीं। इन समस्याओं को केवल आंसर-की में बदलाव या कुछ प्रश्न हटाकर दूर करना संभव नहीं माना गया। इसके बाद संबंधित तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया गया है।

    प्रश्नपत्रों में मिलीं कई गंभीर खामियां

    जांच के दौरान प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक गलतियों से लेकर भाषा संबंधी त्रुटियां तक पाई गईं। कई जगह प्रसिद्ध विद्वानों के नाम और पुस्तकों के शीर्षक गलत तरीके से लिखे गए थे। इसके अलावा अनुवाद, व्याकरण, लिंग-वचन और विराम चिह्नों से जुड़ी गलतियां भी सामने आईं।

    जांच में यह भी पाया गया कि कुछ प्रश्न पूर्व में आयोजित परीक्षाओं के प्रश्नों से दोहराए गए थे। इन सभी खामियों को देखते हुए परीक्षा को नए सिरे से कराने का निर्णय लिया गया।

    अभ्यर्थियों से नहीं लिया जाएगा अतिरिक्त शुल्क

    NTA ने स्पष्ट किया है कि अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की परीक्षा में पहले शामिल हो चुके अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा देने के लिए किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। री-एग्जाम के लिए अलग से फीस नहीं ली जाएगी।

    सितंबर में होगी दोबारा परीक्षा

    • NTA द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार तीनों विषयों की परीक्षा सितंबर में आयोजित की जाएगी।
    • अंग्रेजी: 9 सितंबर 2026, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
    • कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक
    • समाजशास्त्र: 10 सितंबर 2026, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक

    एडमिट कार्ड और एग्जाम सिटी स्लिप बाद में

    री-एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शहर की जानकारी, परीक्षा केंद्र और नया एडमिट कार्ड अलग से जारी किया जाएगा। NTA ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आगे की जानकारी के लिए एजेंसी की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।

    इस फैसले के बाद अब अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के अभ्यर्थियों को सितंबर में दोबारा परीक्षा देनी होगी।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad