वाराणसी में 17 वर्षीय किशोरी लापता, परिजनों में चिंता; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा...
वाराणसी :- कपसेठी थाना क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय किशोरी के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, 15 अगस्त की देर रात करीब एक बजे किशोरी घर से बिना किसी को बताए निकल गई। कुछ देर बाद जब परिजनों को उसके घर पर न होने की जानकारी हुई तो उन्होंने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोरी घर से निकलते समय अपने साथ एक बैग और कपड़े ले गई थी। उसके पास आधार कार्ड और मार्कशीट समेत कुछ जरूरी दस्तावेज भी थे। घटना के समय उसने टॉप और जींस-लोअर पहन रखा था।
काफी तलाश के बाद भी किशोरी का पता नहीं चलने पर उसके पिता ने कपसेठी थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब किशोरी की तलाश के साथ ही उसके घर से निकलने के बाद संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


No comments