पीएम मोदी के जन्मदिन पर काशी में बेटियों का खेल उत्सव, 1077 बालिका खिलाड़ियों ने दिखाया जोश
वाराणसी :- प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के 77वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेल और युवा प्रतिभाओं का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी 1077 बालिका खिलाड़ियों के साथ विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर की छात्राओं ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया।आयोजन के दौरान मिनी स्टेडियम का माहौल पूरी तरह उत्सवी नजर आया। बड़ी संख्या में मौजूद बालिका खिलाड़ियों और छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर मानव शृंखला बनाई। इस दौरान खेल प्रतिभाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशाल कटआउट के साथ छात्राओं और खिलाड़ियों ने सेल्फी लेकर इस अवसर को यादगार बनाया।
समारोह में खेल गतिविधियों के साथ बेटियों की भागीदारी प्रमुख आकर्षण रही। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ियों के बीच छात्राओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। आयोजन के समापन पर बालिकाओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर प्रधानमंत्री के जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के संयोजक हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष और विकास एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एके सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के लिए नए अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खेलों में बेटियों की बढ़ती भागीदारी उत्साहजनक है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों के साथ स्कूली छात्राओं की सहभागिता उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
आयोजन में 1077 बालिका खिलाड़ियों की भागीदारी ने बेटियों की खेल प्रतिभा और उनके आत्मविश्वास को सामने रखा। कार्यक्रम के जरिए खेल, युवा प्रतिभा और बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी को प्रमुखता दी गई।


No comments