वाराणसी में घर के कमरे में मिला 43 वर्षीय व्यक्ति का शव, पत्नी ने फोन पर दिल्ली में होने की दी जानकारी
- राधिका तिवारी
वाराणसी :- आदमपुर थाना क्षेत्र के घसियारी टोला, प्रह्लाद घाट इलाके में शुक्रवार को एक व्यक्ति की मौत से हड़कंप मच गया। 43 वर्षीय पवन यादव का शव घर के कमरे में मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर जांच की और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि सुबह परिजनों ने पवन को कमरे में फंदे पर लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की। दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ परिजनों से भी पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।पवन की मां विमला देवी के मुताबिक, वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। करीब दो दशक पहले हुए एक सड़क हादसे के बाद से उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इलाज चल रहा था। मां ने बताया कि पवन की पत्नी सुनीता लगभग डेढ़ वर्ष पहले अपनी बेटी गार्गी के साथ दिल्ली चली गई थी। इसके बाद से पवन परेशान रहता था।
पत्नी से पुलिस ने फोन पर की बात
घटना की जानकारी मिलने के बाद आदमपुर चौकी प्रभारी प्रशांत पांडेय ने परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने पवन की पत्नी सुनीता से फोन पर संपर्क किया। पुलिस के अनुसार, सुनीता ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर अपनी बेटी की पढ़ाई करा रही है और फिलहाल वाराणसी आने में असमर्थ है।
पुलिस जांच में जुटी
आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पवन की मौत के बाद उसकी मां विमला देवी, भाई अजय समेत परिवार के अन्य सदस्य सदमे में हैं। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।


No comments