• Breaking News

    बीएचयू में ऑनलाइन और डिस्टेंस एजुकेशन का रास्ता साफ, बनेगा नया सेंटर; फीस का प्रस्ताव भी तैयार

    बीएचयू कैंपस में जाती छात्राएं

    • राधिका तिवारी

    वाराणसी :- बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में पढ़ाई के नए विकल्पों को विस्तार देने की तैयारी है। विश्वविद्यालय में ओपन, डिस्टेंस लर्निंग और ऑनलाइन कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव एकेडमिक काउंसिल के सामने रखा जाएगा। इसके साथ ही परिसर में सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन स्थापित करने की योजना है। शुक्रवार को महामना हॉल में दोपहर तीन बजे से होने वाली एकेडमिक काउंसिल की बैठक में 199 पेज के 12 प्रमुख एजेंडों पर चर्चा होगी।

    बैठक में डिस्टेंस और ऑनलाइन शिक्षा के साथ ईराक से आए दो छात्रों के अंग्रेजी विषय में पीएचडी प्रवेश की योग्यता पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा पूर्णकालिक और अंशकालिक पीएचडी शोधार्थियों के लिए तीन वर्ष की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद अधिकतम दो वर्ष तक हॉस्टल में रहने की अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी मंथन होगा।

    वसंता कन्या महाविद्यालय में लिंग्विस्टिक विषय के साथ बीए कोर्स शुरू करने की व्यवहार्यता पर निरीक्षण समिति की रिपोर्ट के आधार पर चर्चा होगी। वहीं आर्य महिला पीजी कॉलेज में भूगोल को मेजर विषय के रूप में संचालित करने की संभावना भी जांची जाएगी।

    एकेडमिक काउंसिल की बैठक में पिछली तीन बैठकों के 50 से अधिक फैसलों को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। वेटरनरी साइंस में इमर्जेंट फैकल्टी मीटिंग, विज्ञान संकाय की बैठक के सुझावों और विभिन्न अकादमिक प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया जाएगा।

    सात नई स्कॉलरशिप को मिलेगी मंजूरी

    बैठक में छात्रों के लिए सात नई स्कॉलरशिप शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इनमें बायोटेक्नोलॉजी में अशोक कुमार स्कॉलरशिप, फिजिक्स में शंभू कुमार और कपिल देव शर्मा मेमोरियल स्कॉलरशिप, कंप्यूटर साइंस में एमएआरजी स्कॉलरशिप, बायोकेमिस्ट्री में मंगला प्रसाद उपाध्याय स्कॉलरशिप तथा मैनेजमेंट स्टडीज में विष्णु प्रसाद दामयंती गिरी और गुरचेन कौर स्कॉलरशिप शामिल हैं।

    इसके अलावा सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और पूर्णकालिक डिग्री कार्यक्रमों में अध्ययनरत छात्रों के लिए एसओपी जारी करने का प्रस्ताव है। लाइफ साइंस से एमएससी पाठ्यक्रम के लिए एड हॉक बोर्ड ऑफ स्टडीज के गठन की अनुमति, एलएलबी की पेड सीटों की फीस में बदलाव और डेंटल साइंस व मैनेजमेंट स्टडीज में बाहरी विशेषज्ञों की नियुक्ति पर भी चर्चा होगी।

    राजीव गांधी साउथ कैंपस में बनेगा नया विभाग

    राजीव गांधी साउथ कैंपस में वोकेशनल स्टडी और स्किल डेवलपमेंट विभाग स्थापित करने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है। इसका उद्देश्य छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा और कौशल आधारित प्रशिक्षण से जोड़ना है।

    डिस्टेंस कोर्स के लिए 25 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस प्रस्तावित

    बीएचयू के प्रस्तावित सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन के तहत फीस का प्रारूप भी तैयार किया गया है। डिस्टेंस लर्निंग के लिए 25 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस, 10 हजार रुपये प्रोग्राम फीस और ऑनलाइन कार्यक्रम के लिए 15 हजार रुपये फीस प्रस्तावित की गई है। इन प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय एकेडमिक काउंसिल की बैठक में लिया जाएगा।

    वहीं ईराक से आए अयात धुमद नज्म और अमीर सालिह ने अंग्रेजी विषय में पीएचडी में प्रवेश लिया है। उनके हॉस्टल, सुपरवाइजर और अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं को लेकर गठित समिति अपनी रिपोर्ट तैयार कर चुकी है। बैठक में रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad