• Breaking News

    7 अक्टूबर को काशी पहुंचेगी सेवा संकल्प बाइक यात्रा, अमित शाह करेंगे स्वागत; विश्वनाथ धाम में होगा जलाभिषेक

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित

    • राधिका तिवारी

    वाराणसी :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर काशी और गुजरात के वडनगर से शुरू हुई सेवा संकल्प बाइक यात्राओं का 7 अक्टूबर को काशी में समापन होगा। वडनगर से चलकर काशी पहुंचने वाले सेवा यात्रियों का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वागत करेंगे। यात्रा में गुजरात की नदियों का जल भी लाया जाएगा, जिससे श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।

    सेवा यात्रियों के स्वागत के लिए भाजपा ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी और प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के भी कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी है। भाजपा की क्षेत्रीय इकाई के अनुसार, एनडीए के एक अन्य वरिष्ठ नेता को भी कार्यक्रम में आमंत्रित करने पर विचार किया जा रहा है।

    जिले की सीमा से विश्वनाथ धाम तक होगा भव्य स्वागत

    सेवा यात्रियों के काशी की सीमा में प्रवेश करते ही स्वागत का सिलसिला शुरू हो जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर स्वागत प्वाइंट बनाए जाएंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी यात्रियों का अभिनंदन करेंगे। इन स्वागत स्थलों पर राज्यमंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे तथा स्वागत की अगुवाई भी मंत्री-विधायक करेंगे।

    यात्रा के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचने तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए स्थानों का चयन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

    अमित शाह कर सकते हैं राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय का उद्घाटन

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जाल्हूपुर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में भी शामिल होने की संभावना है। विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां पहले से चल रही हैं। इसके शुरू होने के बाद फॉरेंसिक जांच से जुड़ी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

    17 सितंबर को दोनों दिशाओं से रवाना हुई थीं यात्राएं

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को काशी और वडनगर से एक साथ सेवा संकल्प बाइक यात्राओं को रवाना किया गया था। काशी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 250 बाइक पर सवार करीब 500 युवाओं की यात्रा को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना किया था।

    वहीं, वडनगर से काशी के लिए निकलने वाली यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और अन्य नेताओं की मौजूदगी में रवाना किया गया था। दोनों दिशाओं से शुरू हुई यात्राएं करीब 20 दिन की यात्रा पूरी करने के बाद 7 अक्टूबर को अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।

    10 राज्यों के 193 जिलों से होकर गुजरेगी यात्रा

    काशी से वडनगर जाने वाली सेवा संकल्प यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। यात्रा में एक हजार से अधिक युवाओं के शामिल होने की योजना है। यात्रा के दौरान केवल बाइक रैली ही नहीं, बल्कि विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

    इस दौरान स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जल संरक्षण समेत करीब 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों को अभियान का हिस्सा बनाया गया है। दोनों शहरों के बीच आयोजित यह यात्रा सेवा गतिविधियों और सामाजिक भागीदारी के संदेश के साथ 7 अक्टूबर को काशी में अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंचेगी।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad