DIG वैभव कृष्ण ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश
वाराणसी :- पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने शनिवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय में जनसुनवाई कर विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने पुलिस से संबंधित अलग-अलग मामलों में अपनी शिकायतें और समस्याएं डीआईजी के समक्ष रखीं।डीआईजी वैभव कृष्ण ने प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। शिकायतों के संबंध में उन्होंने मौके पर मौजूद एवं संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण निष्पक्षता, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और उनके निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो। साथ ही, जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई आवश्यक है, उनमें निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीआईजी ने कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। शिकायत लेकर पुलिस के पास आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और उसे न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने तथा कार्रवाई की प्रगति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
वैभव कृष्ण ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत सुनने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण के प्रभावी समाधान तक उसकी निगरानी भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
डीआईजी ने अधिकारियों को जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, पीड़ितों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने तथा समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।


No comments