काशी में जलभराव-मलजल की समस्या पर मंत्री की नाराजगी, बोले- स्थायी समाधान तलाशें
वाराणसी :- काशी में बरसात के दौरान जलभराव, मलजल और जल निकासी की समस्या को लेकर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की साफ-सफाई, नालों की स्थिति, जल निकासी और विद्युत व्यवस्था समेत विभिन्न नागरिक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मंत्री ने कहा कि शहर के अधिकांश हिस्सों में व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं, लेकिन जिन इलाकों में बारिश के बाद जलभराव की समस्या सामने आ रही है, वहां केवल अस्थायी इंतजामों से काम नहीं चलेगा। अधिकारियों को ऐसे स्थानों को चिह्नित कर स्थायी इंजीनियरिंग समाधान तैयार करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जहां अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत है, वहां तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर समस्या वाले क्षेत्रों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जल निकासी में बाधा डालने की कोशिश पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान शहर में प्लास्टिक से भरी बोरियां डालकर जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित करने के मामले का भी मुद्दा उठा। मंत्री ए.के. शर्मा ने इस तरह की गतिविधि पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जानबूझकर जल निकासी में बाधा उत्पन्न करना न केवल नागरिकों के लिए परेशानी खड़ी करता है, बल्कि इससे काशी की छवि भी प्रभावित होती है।
उन्होंने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई।
राजनीति के लिए ऐसे कृत्यों को बताया अनुचित
मंत्री ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन शहर की मूलभूत सुविधाओं को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने अधिकारियों से पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने की अपेक्षा जताई, ताकि आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
बिजली व्यवस्था को लेकर भी दिए निर्देश
बैठक में विद्युत व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश और जलभराव के दौरान भी विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।
जनप्रतिनिधियों ने भी रखीं समस्याएं
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के सामने रखा। इनमें जलभराव, नालों की सफाई, जल निकासी और साफ-सफाई से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। जनप्रतिनिधियों ने समस्याग्रस्त इलाकों में स्थायी समाधान के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जाने की मांग की।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि काशी की पहचान उसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ स्वच्छ और बेहतर नगरीय व्यवस्था से भी जुड़ी है। इसलिए शहर को साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर केवल तत्काल राहत तक सीमित न रहें, बल्कि उनके स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्ययोजना तैयार करें। समीक्षा बैठक में शहर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए विभागीय समन्वय और लगातार निगरानी पर भी जोर दिया गया।

No comments