• Breaking News

    वाराणसी समेत पूर्वांचल में अगले तीन दिन बादल सक्रिय, नमी घटने से बारिश के आसार कम

    धूप-छांव के बीच बदला मौसम का मिजाज, नमी और लोकल हीटिंग में कमी बनी वजह...

    वाराणसी :- वाराणसी समेत पूर्वांचल में मौसम का मिजाज इन दिनों बदला हुआ है। पिछले दो दिनों से आसमान में बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है, लेकिन बादल बिना बारिश किए ही आगे बढ़ जा रहे हैं। मौसम में इस बदलाव के बीच अगले तीन दिनों तक भी बादलों की सक्रियता बने रहने का अनुमान है। हालांकि, बारिश के लिए परिस्थितियां फिलहाल ज्यादा अनुकूल नहीं दिखाई दे रही हैं।

    मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वातावरण में लोकल हीटिंग कम होने और नमी के स्तर में गिरावट के कारण बादलों को पर्याप्त मजबूती नहीं मिल पा रही है। यही वजह है कि बादल बन तो रहे हैं, लेकिन बारिश के रूप में उनका असर देखने को नहीं मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में भी आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है, लेकिन बारिश की संभावना सीमित रहने के आसार हैं।

    रविवार को सुबह के समय वातावरण में नमी बनी रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप का असर बढ़ता गया। बीच-बीच में बादलों के आने से धूप-छांव का सिलसिला चलता रहा। हालांकि धूप में पहले जैसी तल्खी नहीं रही और पुरवा हवाओं का प्रभाव भी बना रहा। इससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा।

    मौसम के जानकारों का मानना है कि इस सप्ताह वाराणसी और आसपास के जिलों में मौसम का मिजाज मिला-जुला रह सकता है। कभी आसमान में बादल छाए रहेंगे तो कभी धूप अपना असर दिखाएगी। बारिश के लिए जरूरी वातावरणीय परिस्थितियां कमजोर होने के कारण फिलहाल तेज बारिश की उम्मीद कम है।

    तापमान सामान्य के आसपास

    पिछले 24 घंटों में वाराणसी में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 0.2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य के आसपास रहा।

    इस दौरान वातावरण में न्यूनतम आर्द्रता 72 प्रतिशत और अधिकतम आर्द्रता 77 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आर्द्रता और स्थानीय तापमान में अपेक्षित बदलाव नहीं होने से बादलों के बावजूद बारिश का दौर सक्रिय नहीं हो पा रहा है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad