• Breaking News

    Varanasi: शादी से पहले युवती की फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर फोटो वायरल, चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज

    • राधिका तिवारी
    वाराणसी :- चौबेपुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने अज्ञात व्यक्ति पर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसकी तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें वायरल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, इस घटना के चलते उसकी होने वाली शादी को लेकर परिवार में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है।

    पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति उसके मोबाइल नंबर पर लगातार फोन कर परेशान कर रहा है। आरोप है कि उसकी तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई गई। इसके बाद उसके देवर के मोबाइल नंबर पर उसकी तस्वीरें भेजी जा रही हैं।

    पीड़िता का आरोप है कि कुछ तस्वीरों को किसी युवक की तस्वीर के साथ जोड़कर एडिट किया गया और सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल किया जा रहा है। इस घटना की जानकारी होने के बाद पीड़िता और उसके परिजन परेशान हैं। परिवार का कहना है कि शादी से पहले इस तरह की हरकत से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

    मामले की शिकायत मिलने के बाद चौबेपुर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फर्जी आईडी बनाने तथा आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

    पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad