• Breaking News

    Varanasi में जनरल स्टोर में संदिग्ध पैकेट में धमाका, पांच साल का बच्चा गंभीर घायल

    वाराणसी में विस्फोट से दुकान से सटे मकान की खिड़की-दरवाजा और ईंट की रेलिंग क्षतिग्रस्त, पुलिस ने शुरू की जांच...

    • राधिका तिवारी

    वाराणसी :- कपसेठी थाना क्षेत्र के बाजार में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जनरल स्टोर के भीतर रखे संदिग्ध पैकेट में अचानक तेज धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से दुकान संचालक के परिवार का पांच वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकान की खिड़की, दरवाजा और ईंट से बनी रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई।

    घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। घायल बच्चे को परिजन तत्काल कपसेठी चौराहे स्थित शर्मा क्लीनिक लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हेरिटेज अस्पताल रेफर कर दिया।

    दुकान में पहुंचा था पांच वर्षीय कार्तिक

    जानकारी के मुताबिक कपसेठी बाजार में जायसवाल जनरल स्टोर है। शनिवार सुबह करीब नौ बजे दुकान संचालक आशीष जायसवाल का पांच वर्षीय बेटा कार्तिक जायसवाल दुकान के अंदर पहुंचा था। इसी दौरान वहां रखे एक पैकेट में अचानक विस्फोट हो गया।

    धमाके की चपेट में आने से कार्तिक घायल हो गया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे को घायल अवस्था में देखकर परिजन उसे लेकर तुरंत अस्पताल रवाना हुए।

    धमाके की तीव्रता से मकान को भी नुकसान

    विस्फोट के बाद दुकान के आसपास भी नुकसान हुआ। तेज धमाके के कारण पास स्थित मकान की खिड़की और दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ईंट से बनी रेलिंग भी टूट गई। घटना के बाद कुछ देर तक बाजार में लोगों की भीड़ जुटी रही।

    संदिग्ध पैकेट में क्या था, पुलिस कर रही जांच

    घटना की सूचना मिलते ही कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पैकेट में किस तरह की सामग्री मौजूद थी और वह जनरल स्टोर तक कैसे पहुंची।

    पुलिस दुकान में रखी सामग्री और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। कपसेठी थानाध्यक्ष विकास मौर्य के मुताबिक प्रथम दृष्टया दुकान के अंदर विस्फोट होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad