• Breaking News

    घर-आंगन में गूंजे तीज के गीत, हुई शिव-पार्वती की आराधना

    हरतालिका तीज पर  सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत, मेहंदी और शृंगार से माहौल हुआ नूरानी...

    UP PUNCH
    सुहानी वर्मा

    वाराणसी :-  हरतालिका तीज का पर्व शहर से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाकों में श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर पूरे निर्जला व्रत रखा। सप्ताह भर पहले से ही घरों में पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई थीं। पर्व पर शाम होते ही महिलाओं ने पूजा स्थल को सजाकर शिव और पार्वती की पूजा की।

    सीपुर, चोलापुर, टेकारी समेत आसपास के गांवों में तीज को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने नए और पारंपरिक परिधान धारण कर सोलह शृंगार किया। हाथों में मेहंदी रचाई और चूड़ियों व पारंपरिक आभूषणों से सजकर पूजा में शामिल हुईं। पूजा के लिए फल, फूल, मिठाई और अन्य पूजन सामग्री की व्यवस्था की गई।

    गीतों और भजनों से गूंजे घर-आंगन

    पूजा के बाद कई स्थानों पर महिलाओं ने समूह में बैठकर हरतालिका तीज की कथा सुनी। इसके साथ ही पारंपरिक तीज गीतों और भजनों का दौर शुरू हो गया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन किए, जिससे देर शाम तक घर-आंगन भक्तिमय माहौल में डूबे रहे।

    व्रत रखने वाली महिलाओं ने बताया कि हरतालिका तीज केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि पारिवारिक और सामाजिक परंपराओं से भी जुड़ा है। इस दिन शिव-पार्वती की पूजा कर महिलाएं सुखी दांपत्य जीवन, पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।

    मेहंदी और शृंगार ने बढ़ाई पर्व की रौनक

    तीज को लेकर महिलाओं में कई दिन पहले से तैयारियां शुरू हो गई थीं। हाथों में मेहंदी रचाने से लेकर नई चूड़ियां और पारंपरिक आभूषण खरीदने तक की तैयारी की गई। लाल, हरे, पीले और अन्य पारंपरिक रंगों के परिधानों में सजी महिलाओं के बीच पर्व की रौनक देखते ही बन रही थी।

    भदवा, भिदुर, मोहनदासपुर समेत आसपास के गांवों में भी महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक निर्जला व्रत रखा और शाम को शिव-पार्वती की पूजा की।

    महिलाओं ने मिलकर की तीज की पूजा

    हरतालिका तीज के अवसर पर मीरा वर्मा, शालिनी वर्मा, पूजा वर्मा, उषा पांडेय और रिंकी देवी ने मिलकर शिव-पार्वती की पूजा-अर्चना की। सभी महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से पूजन किया। पूजा के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती को फल-फूल व अन्य पूजन सामग्री अर्पित की गई। महिलाओं ने तीज की कथा सुनी और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि व अखंड सौभाग्य की कामना की।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad