लोलार्क षष्ठी पर सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार, पुलिस आयुक्त ने लोलार्क कुंड का लिया जायजा
वाराणसी :- आगामी लोलार्क षष्ठी पर्व को लेकर वाराणसी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने लोलार्क कुंड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए प्रवेश एवं निकास मार्गों, बैरिकेडिंग तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस आयुक्त ने पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता के अनुसार सहायता केंद्र स्थापित करने और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा।पुलिस आयुक्त ने लोलार्क कुंड एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कुंड परिसर में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोलार्क षष्ठी पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। ड्यूटी पर तैनात अधिकारी सतर्कता बरतते हुए लगातार प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरि मीणा सहित अन्य पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




No comments