• Breaking News

    वाराणसी में विवाहिता ने खोली ससुराल की करतूत! अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोप, तीन पर केस

    वाराणसी :-
    मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    शिकायत के मुताबिक, विवाहिता की शादी करीब आठ वर्ष पहले पश्चिम बंगाल निवासी विष्णु प्रजापति से हुई थी। शादी के बाद वह पति के साथ मंडुवाडीह क्षेत्र में रहने लगी। महिला का आरोप है कि पति नियमित रूप से काम नहीं करता था और शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। वहीं, सास-ससुर भी पति का पक्ष लेते हुए उसे प्रताड़ित करते थे।

    महिला ने आरोप लगाया कि पति और उसके सास-ससुर उस पर देह व्यापार करने का दबाव बनाते थे। विरोध करने पर उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की जाती थी। आरोप है कि इसी दौरान पति ने उसके साथ जबरदस्ती की और आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

    पीड़िता के मुताबिक, बाद में इसी वीडियो को आधार बनाकर उसे लगातार धमकाया और ब्लैकमेल किया जाने लगा। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसके मायके व रिश्तेदारों को भेजने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया जाता था।

    महिला ने बताया कि 29 अगस्त को वह अपने दोनों बच्चों के साथ पश्चिम बंगाल स्थित मायके चली गई। आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल पक्ष की ओर से उसे धमकियां मिलती रहीं और उसके परिजनों के मोबाइल पर कथित आपत्तिजनक वीडियो भेजे गए।

    पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि धमकियों के कारण वह और उसके बच्चे भयभीत हैं। महिला ने वीडियो को सार्वजनिक किए जाने की आशंका भी जताई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad