• Breaking News

    गणेश पंडाल लगाने को लेकर विवाद, समिति अध्यक्ष व मजदूरों से मारपीट का आरोप; रानी बाजार में पुलिस तैनात

    वाराणसी :-
    राजातालाब थाना क्षेत्र के रानी बाजार में गणेश पूजा के लिए पंडाल लगाने को लेकर विवाद के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पूजा समिति ने कुछ युवकों पर समिति अध्यक्ष टिंकू मोदनवाल और पंडाल निर्माण में जुटे मजदूरों के साथ मारपीट करने तथा पंडाल के सामान को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और एहतियातन पूजा स्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया।

    समिति अध्यक्ष टिंकू मोदनवाल की ओर से राजातालाब थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, पंडाल निर्माण के दौरान अशर्फी और रियाजु समेत कुछ अन्य लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई, धमकी दी गई और पंडाल निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे सामान को नुकसान पहुंचाया गया।

    विवाद की सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। क्षेत्र में किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पूजा स्थल पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

    पुलिस के अनुसार, मामले में दी गई तहरीर के आधार पर आरोपों की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

    पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक पुलिस की निगरानी में गणेश पूजा पंडाल लगाने का काम जारी था और क्षेत्र में पुलिस बल सतर्क रहा।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad