वाराणसी बड़ागांव में दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट, रंगदारी मांगने का आरोप
लाठी-डंडों से लैस युवकों पर दुकान में काम करने वाले युवक से मारपीट और 1900 रुपये लूटने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी...वाराणसी :- बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजीसराय में रविवार दोपहर बाद एक चाय और कोल्ड ड्रिंक की दुकान में लाठी-डंडों से लैस युवकों द्वारा घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान दुकान में काम करने वाले युवक के साथ मारपीट कर उसके पास रखे 1900 रुपये ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद दुकान संचालक ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में क्षेत्र निवासी शशांक द्विवेदी ने बताया कि वह काजीसराय में चाय और कोल्ड ड्रिंक की दुकान संचालित करते हैं। आरोप है कि रविवार को अहरक पाही निवासी उत्कर्ष सिंह और शिवम सिंह करीब 20 अन्य युवकों के साथ दुकान पर पहुंचे। आरोपितों ने दुकान में काम कर रहे रवि गुप्ता के साथ मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान उसके पास रखे 1900 रुपये भी ले जाने का आरोप है।
दुकान संचालक का आरोप है कि घटना के बाद जाते समय आरोपित असलहा लहराते हुए धमकी देने लगे कि यदि दुकान चलानी है तो उन्हें रंगदारी देनी होगी। साथ ही दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
तहरीर में यह भी बताया गया है कि कथित आरोपी 9 सितंबर को भी दुकान पर पहुंचे थे और रंगदारी नहीं देने पर धमकी देकर चले गए थे। इसके बाद रविवार को दोबारा दुकान पर पहुंचकर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है।
मामले में बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बड़ागांव क्षेत्रान्तर्गत चौकी हरहुआ के अंतर्गत ग्राम काजीसराय में एक दुकान पर मारपीट एवं तोड़फोड़ के प्रकरण के संबंध में प्रशांत सिंह सहायक पुलिस आयुक्त पिण्डरा का बयान

No comments